बददी के गुरु माजरा में यूपी के एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के लखीमपुर जिले के राजपाल (18) गुरमाजरा में एक किराये के मकान में रहता था। युवक गुरमाजरा में एक कंपनी में कार्यरत था। युवक ने कमरे में लोहे के एंगल में मफलर से फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली है।
एसपी गौरव सिंह ने बताया कि युवा के पास से कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद नालागढ़ चिकित्सालय में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक के शरीर पर कहीं चोट के निशान नहीं थे। पुलिस ने 174 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
वहीं बद्दी के वार्ड नंबर दो में रहने वाले बिहार के एक प्रवासी कामगार ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रवासी युवक महेश कुमार चौधरी (55) पुत्र लोकनाथ पूर्व वार्ड पार्षद सलीम के मकान में रहता था। जहां महेश कुमार ने कमरे में
फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। एसपी बिशेर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने 174 के तहत कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।