सिरमौर जिले में हो रहे अवैध खनन पर एसपी सौम्या साम्बशिवन की अगुवाई में पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। शनिवार को पुलिस के अभियान के दौरान रेत, बजरी और पत्थर लेकर जा रहे 21 वाहनों को जब्त कर लिया गया है। जबकि 40 अन्य वाहनों के चालान काटे गए। इस दौरान पुलिस ने 1, 47, 000 रुपये का जुर्माना ठोका।
उधर, पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है। रेणुका एवं पांवटा में पुलिस ने एसपी की अगुवाई में बड़ी कार्रवाई की। सिरमौर के विभिन्न इलाकों में अवैध खनन कर नदी-नालों को छलनी किया जा रहा है। इस पर पुलिस ने भी कड़ी कार्रवाई की है। खास यह है कि खनन अधिनियम के तहत चलाए गए अभियान की अगुवाई स्वयं एसपी ने की।
एसपी की अगुवाई में जिलाभर में छेड़े गए अभियान के दौरान सैकड़ों वाहनों की चेकिंग की गई। एसपी ने बताया कि पुलिस ने कुल 40 वाहनों के चालान काटे हैं। वहीं, 21 अन्य वाहन भी जब्त किए गए। इनमें ट्रैक्टर और टिप्पर शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस में इस बारे में शिकायत आई थी। अवैध खननकारियों पर पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी।