छात्रों ने विवि प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन करते हुए छात्र।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल की सेंट्रल यूनिवर्सिटी के अस्थायी कैंपस छतड़ी के एक छात्र ने यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज करवाई है। छात्र ने यह आरोप हॉस्टल के वार्डन पर लगाया है। इसकी शिकायत वीसी डा. अग्निहोत्री से भी की है।
वीसी को दी छह पन्नों की शिकायत में उसे शराब पिलाने समेत कई सनसनीखेज ख़ुलासे किए हैं। बुधवार सुबह यह मामला सामने आते ही कैंपस में सनसनी फैल गई। छात्र ने आरोप लगाया कि हॉस्टल में सेक्सुअल ह्रासमेंट का सिलसिला काफी सालों से जारी है।
कई बार वार्डन ने नशे वाला पाउडर मिलाकर छात्रों को पिलाया। उन्हें बेहोश करके दुराचार किया। बाद में धमकी दी जाती थी कि अगर मुंह खोला तो उनका भविष्य बर्बाद कर दिया जाएगा। सूत्रों के अनुसार छात्रों पर यूनिवर्सिटी प्रशासन की तरफ से दबाव डाला गया कि इस मुद्दे को यूनिवर्सिटी में ही सुलझा लिया जाएगा, लेकिन किसी तरह छात्रों ने हिम्मत करके पुलिस थाना शाहपुर में पहुंच कर अपनी रिपोर्ट दर्ज करवाई।
फिलहाल, अभी दो छात्रों ने खुलकर आरोप लगाकर मामला दर्ज करवाया है। पीड़ित छात्रों ने आरोपी शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उधर, विवि के वार्षिक समारोह उड़ान शुरू होने से पहले कैंपस में हंगामा मच गया। छात्रों ने विवि प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
विवि के कंप्यूटर विभाग में पढ़ाई करने वाले छात्र ने शाहपुर थाने में प्रोफेसर के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज करवा दी है। यह हॉस्टल कांगड़ा में स्थित है, इसलिए शाहपुर पुलिस ने यह शिकायत आगामी कार्रवाई के लिए मामला कांगड़ा थाना भेज दिया है। उधर, एसपी संजीव गांधी ने बताया कि छात्रों की ओर से शिकायत पहुंची है। मामले में छानबीन जारी है।