हिमाचल के चंबा में एक कार के खाई में गिरने से पंजाब के दो युवकों की मौत हो गई है। यहां खजियार-डलहौजी सड़क पर पर्यटकों की ये कार खाई में गिर गई। दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य सवार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार पंजाब के अमृतसर से ईओन कार में सवार चार युवक मंगलवार देर रात खजियार से डलहौजी की तरफ आ रहे थे।
इसी दौरान मुटणु के पास कार करीब सौ मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसा रात को हुआ, ऐसे में कोई मदद नहीं मिल सकी। हादसे का एक घायल किसी तरह बुधवार सुबह सड़क तक पहुंचा तथा सड़क से गुजर रहे लोगों को जानकारी दी। घायलों को डलहौजी के सिविल अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया। हादसे में साहिल शर्मा उम्र 24 वर्ष पुत्र श्याम लाल, 77 जवाहर नगर बटाला रोड़ अमृतसर, तलविंदर उम्र 26 वर्ष पुत्र साहिब सिंह, 44 माना वाल कलां अमृतसर की मौके पर ही मौत हो गई।
अनिल शर्मा उम्र 33 वर्ष पुत्र बालकृष्ण शर्मा, 3 बी गुरु अमरदास एवन्यू अजनाला रोड अमृतसर तथा मनिंदर उम्र 19 वर्ष पुत्र गुरिंदर सिंह गांव हिंदवा कैथू नंगल बटाला रोड अमृतसर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सुचना दे दी है। उधर, पुलिस अधीक्षक डीके चौधरी ने हादसे की पुष्टि की है। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
ऊना में चचेरे भाइयों की मौत
ऊना जिला मुख्यालय के समीपवर्ती गांव जनकौर में सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। इनकी पहचान गिरीश शर्मा तथा मनोज शर्मा निवासी कोटला खुर्द के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार बुधवार तड़के करीब साढ़े चार बजे गिरीश शर्मा और मनोज शर्मा नंगड़ा गांव में एक शादी समारोह से लौट रहे थे। जनकौर के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी।
इससे दोनों युवक बुरी तरह घायल हो गए। इन्हें फौरन ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सड़क हादसे में दो लोगों की मौत
वहीं ऊना के उपमंडल अंब के ऊना रोड पर कार की टक्कर में घायल स्कूटी सवार राम कृष्ण की पीजीआई में मंगलवार रात को उपचार के दौरान मौत हो गई। सोमवार दोपहर अंब-ऊना रोड पर कुठेड़ा बैला में राम कृष्ण (45) निवासी हीरा नगर अंब अपनी पत्नी संतोष कुमारी (40) के साथ स्कूटी पर लिंक रोड से मेन सड़क की ओर से आ रहा था कि अचानक उसकी कार से टक्कर हो गई।
इसमें उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। घायलों को गंभीर अवस्था में कार सवारों ने उपचार के लिए सिविल अस्पताल अंब पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने घायलों की हालत में सुधार न होता देख उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया। लेकिन परिजन उनको पीजीआई ले गए। जहां उनकी उपचार के दौरान मंगलवार रात को मौत हो गई।
सड़क हादसे में व्यक्ति की मौत
ऊना के ईसपुर गांव में स्कूटर स्किड होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान चेतन प्रकाश के रूप में हुई है। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पंजावर निवासी चेतन प्रकाश (60) देर शाम की स्कूटर पर कहीं जा रहे थे। इसी दौरान स्कूटर के सामने कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में स्कूटर स्किड हो गया। हादसे में वह बुरी तरह जख्मी हो गए। कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई।