कालका फोर लेन पर तैनात नेशनल हाईवे अथॉरिटी आफ इंडिया के रेवेन्यू ऑफिसर को विजिलेंस की टीम ने चार हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आरोपी भाग सिंह (62) निवासी सन्नी साइड सोलन नायब तहसीलदार के पद से सेवानिवृत्त है और अनुबंध पर एनएचएआई में नौकरी कर रहा था। पुलिस ने भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है।
आरोपी को रविवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। डीएसपी विजिलेंस रमेश शर्मा ने बताया कि भाग सिंह मुआवजे को लेकर आपत्तियां दर्ज करने के बदले में रिश्वत मांगता था।
कुछ शिकायतें भी इस संबंध में मिली थीं। उसने एक हफ्ते पहले एक शख्स से भी मुआवजे के आवेदन के बदले में चार हजार रुपये मांगे।
उस व्यक्ति ने इसकी सूचना विजिलेंस को दी और उसकी सलाह पर रिश्वत के लिए सहमति जता दी।
योजना के तहत शनिवार को भाग सिंह ने राजस्व अधिकारी को पैसे देने के लिए धर्मपुर बुलाया। इस मौके पर विजिलेंस टीम ने रिश्वत लेते हुए भाग सिंह को दबोच लिया।
तीन माह में तीन घूसखोर दबोचे
सोलन विजिलेंस की टीम ने इस वर्ष अब तक तीन रिश्वत के मामले पकड़े हैं।
भाग सिंह से पहले नालागढ़ में बीती 2 जनवरी को पंचायत सहायक गुरनाम को 10 हजार, 11 फरवरी को सोलन मालरोड स्थित इंश्योरेंस कंपनी के सह प्रबंधक पूर्ण नाथ पंडित को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया था।