जिला के बनगढ़ स्थित जेल में दुराचार मामले में सजा काट रहा एक कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना के दौरान कैदी सौरवन जेल के अंदर सफाई कर रहा था। इसी दौरान मौका पाकर वह जेल से फरार हो गया।
कैदी के भागने की खबर फैलते ही जेल कर्मियों में हड़कंप मच गया। कैदी की तलाश में अब पुलिस छापामारी कर रही है। उधर, सूचना मिलते ही डीसी राकेश कुमार प्रजापति और एसपी दिवाकर ने मौके पर पहुंच घटना का जायजा लेने के साथ मौके का मुआयना भी किया।
कैदी की पहचान सौरवन निवासी डिहरी जिला मुरादाबाद यूपी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सौरवन जिला मुख्यालय के निकटवर्ती गांव में किराये के मकान में रहता था। फरवरी 2017 में अदालत ने उसे दुराचार के आरोप में दस साल की सजा सुनाई थी।
जिसके बाद से वह बनगढ़ जेल में बंद था। शुक्रवार दोपहर बाद वह जेल के अंदर सफाई कर रहा था। इसी दौरान मौका पाकर वह जेल से भाग निकला। जेल से भागते समय की फुटेज सीसीटीवी में कैद हो गई है। फुटेज में कैदी काली लोअर व हरे रंग की शर्ट पहने दिखाई दे रहा है।
उसने कंधे पर एक बोरी लादी हुई है। इसी दौरान वह जेल से निकलता दिखाई दे रहा है। वहीं, एसपी दिवाकर शर्मा ने बताया कि पुलिस ने कैदी की धरपकड़ को सर्च अभियान छेड़ दिया है। सूबे से सटे कस्बा नंगल में भी पैनी निगाह रखी जा रही है।