कोटाधार मोड़ जंगल में पुलिस ने 3.155 किलोग्राम चरस बरामद की। आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश जारी है। बुधवार सुबह जरी पुलिस चौकी की टीम कोटाधार मोड़ पर नाके पर थी।
सवा नौ बजे बगयांदा की तरफ से एक नेपाली आया। पुलिस को देखकर आरोपी सड़क के नीचे की तरफ भाग गया। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर आरोपी ने बैग पुलिस की ओर फेंक दिया।
खुद जंगल में गायब हो गया। पुलिस ने पार्वती नदी तक आरोपी को तलाश किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने काले रंग की जैकेट और नीले रंग की पैंट पहन रखी थी।
जरी पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई चिंत राम ने बताया कि चरस की खेप बरामद हुई है। चरस तस्कर भाग गया है। आरोपी को पकड़ने के लिए टीमें दबिश दे रही हैं। एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।