विजिलेंस ने पटवारी को दस हजार की रिश्वत लेते पकड़ा है। मामला कांगड़ा के जवाली के पटवार सर्कल बंडेरू का है। सिद्धपुरघाड़ के महेश सिंह पुत्र जोगिंद्र सिंह ने विजिलेंस में शिकायत की। विजिलेंस ने जाल बिछाते हुए पटवारी को पकड़ा।
जमीनी मामले को लेकर पटवारी रिश्वत मांग रहा था। पहले बीस हजार की मांग पटवारी ने की। इसके बाद दस हजार में बात बनी। एसपी विजिलेंस विमल गुप्ता ने बताया कि एंटी क्रप्शन ब्यूरो टीम ने इंस्पेक्टर देस राज, तुलसी राम के नेतृत्व में टीम गठित की।
शिकायतकर्ता को पाउडर लगे 10 हजार के नोट दिए। मंगलवार को शिकायतकर्ता ने बंडेरू पटवार सर्कल पहुंचकर 10 हजार की नकदी पटवारी पंकज शर्मा को दी।
इसी दौरान विजिलेंस की टीम मौके पर पहुंची और पटवारी को पकड़ा। तहसीलदार जवाली जोगिंद्र पटियाल और नायब तहसीलदार महेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंच थे। इसेे बुधवार को धर्मशाला कोर्ट में पेश किया जाएगा।