कुमारसैन के नजदीक ओडी के पास पुलिस को संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क पर एक व्यक्ति का शव मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेज दिया है। जानकारी के अनुसार टिप्पर संख्या एचपी 30- 3134 कुमारसैन से शिमला की ओर आ रहा था। इस दौरान टिप्पर में तीन लोग सवार थे।
व्यक्ति टिप्पर से गिरा या गिराया गया अभी इस बारे में कुछ पता नहीं चल पाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। टिप्पर को उसका मालिक व चालक भारतभूषण पुत्र कमलेश चंद, निवासी गांव फिरनू, जिला मंडी चला रहा था। इसमें प्रताप सिंह (45) पुत्र स्व. आत्मा सिंह घुमाणा, कुमारसैन और घनश्याम पुत्र स्व. आसान राम निवासी गांव बनाहर, कुमारसैन भी सवार थे। टिप्पर ओडी के पास पहुंचा तो उससे प्रताप सिंह गिर गया था।
लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने ओडी से कुछ आगे टिप्पर चालक और अन्य सवार को हिरास्त में ले लिया। डीएसपी रामपुर सोमदत्त ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।