हिमाचल के जिला सिरमौर के माजरा क्षेत्र में एक युवक की रविवार रात कुछ अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर डाली। मृतक युवक हरियाणा का रहने वाला था। गोली युवक की छाती से होकर कमर से बाहर निकल गई।
खून से लथपथ युवक लड़खड़ाते हुए 100 मीटर बाहर एनएच-72 पर स्थित एक ढाबे तक पहुंचा। जहां उसने दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस व पुलिस चौकी माजरा सूचना कर दी।
सोमवार को सुबह एएसपी नाहन एनएस नेगी समेत पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तफ्तीश शुरू कर दी है। जांच टीम हरियाणा युवक के हत्यारे व हत्या के कारण का पता लगाने में जुटी है। यहां किराए की मकान में साथ रहने वाली एक युवती समेत 3 युवकों से पूछताछ की जा रही है।
चार दोस्तों के साथ रहता था साहिल
पुलिस के अनुसार हरियाणा के गांव सेगा डाकघर एवं जिला कैंथल हरियाणा निवासी साहिल उर्फ दलेर सिंह (27) पुत्र बलबीर सिंह माजरा में अन्य चार साथियों के साथ किराए के मकान में रहता था। वह रविवार रात को मकान के बरामदे में चारपाई पर सो रहा था।
वहीं, उसके अन्य साथी सतनाम (21) निवासी भटिंडा हरियाणा, विजय उर्फ कश्मीर निवासी कैंथल हरियाणा एवं 18 वर्षीय युवती निवासी फूल रामपुर भटिंडा हरियाणा भी मकान के भीतर कमरे में सो रहे थे।
कमरे में मौजूद अन्य साथियों ने पुलिस को बताया कि रविवार को रात करीब साढ़े 11 बजे किसी ने बरामदे में सो रहे साहिल को गोली मार दी। युवक गंभीर रूप से घायल लहूलुहान अवस्था में मकान परिसर की दिवार फांदकर कूदा। कमरे से करीब 100 मीटर दूर देहरादून-पांवटा एनएच-72 मार्ग तक पहुंचा। एक ढाबे के समीप गिरते ही उसने दम तोड़ दिया।
कमरे में लगा दी थी कुंडी
मकान के बरामदे से लेकर एनएच मार्ग तक जगह-जगह खून ही खून बिखरा है। साथ रहने वाले अन्य युवक-युवती बता रहे हैं कि उनको कमरे में कुंडी लगाकर किसी ने बंद कर दिया था। गोली की आवाज सुनने के बाद वह भीतर से दरवाजे की कुंडी के पेंच खोलकर बाहर निकले।
उनका कहना है कि वह सभी एक माह पहले ही पांवटा क्षेत्र में पहुंचे हैं और कपड़े का व्यापार करते हैं। पुलिस ने वारदात स्थल से मृतक युवक के कुछ आईडी दस्तावेज, चारपाई पर बिछाई एवं ओड़ी गई चदर, तकिया, छर्रे, बरामदें व एनएच पर बिखरे खून के सैंपल ले लिए है।
एएसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने पुष्टि कर बताया कि हरियाणा के जिला कैथल एवं गावं सेगा निवासी साहिल उर्फ दलेर सिंह की गोली मारकर हत्या हुई है। हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस टीम गंभीरता से जांच में जुटी है जिससे हत्या के आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार किया जा सके।