अतिरिक्त जिला सत्र एवं न्यायाधीश नालागढ़ की अदालत परिसर में बाथरूम का शीशा तोड़कर फरार हुए हत्या के आरोपी को दो दिन बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। कोर्ट से भागने के बाद आरोपी कंबल ओढ़कर करीब 10 किलोमीटर पैदल चलकर बीबीएन क्षेत्र के हररायपुर स्थित भट्ठे पर पहुंच गया।
यहां आरोपी पहले काम करता था। यहां पहुंचने पर लोगों ने इसे पहचान लिया और पुलिस को सूचित कर दिया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बद्दी डीएसपी अंकित शर्मा की अगुवाई वाली टीम ने झाड़ियों में छिपे बैठे आरोपी को दबोच लिया। पुलिस अधीक्षक बद्दी रोहित मालपानी ने इसकी पुष्टि की है।
उल्लेखनीय है कि 14 जून, 2015 को बद्दी थाना पुलिस में गंगो मांझी उर्फ सुदामा पुत्र अवध निवासी गांव 116 खुरारी आंचल, तहसील भगवतीपुर भीड़ी जिला दरभंगा बिहार के खिलाफ मामला दर्ज किया था, जो बाद में भादंसं 302 में तब्दील हुआ।
आरोपी को दो पुलिस कर्मी अदालत में पेश करने के लिए लाए थे। अदालत की तीसरी मंजिल पर पहुंचने के बाद आरोपी ने शौच का बहाना बनाया और शौचालय में जा घुसा। यहां खिड़की का शीशा तोड़कर कूद गया और पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार हो गया था।