शिमला के कम्याणा के नजदीक चैक डैम से दस सितंबर से लापता युवक का शव बरामद किया गया है। युवक की पहचान दिनेश कुमार (30) पुत्र देवी राम गांव मनाह भौंट के तौर पर हुई है। पुलिस की शुरूआती जांच में हत्या का भी अंदेशा जताया जा रहा है।
हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। दिनेश के दो दोस्तों को उसके साथ आखिरी बार देखा गया था। उन्हें पूछताछ के लिए लक्कड़ बाजार पुलिस चौकी बुलाया गया है। परिजनों ने भी हत्या का संदेह जताया है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि अगर परिजनों की ओर से लिखित में हत्या की आशंका की बात कही जाती है तो वह मुकदमा दर्ज करेगी। भौंट के मनाह गांव का रहने वाला युवक दिनेश कुमार 10 सितंबर को गायब हो गया था।