हमीरपुर के भड़ोली गांव के एक युवक ने एक हफ्ते पहले कुल्लू की नाबालिग लड़की से शादी रचाकर धाम दे दी। हफ्ते बाद लड़की के परिजन लड़के के गांव भड़ोली पहुंच गए। जिससे गांव में माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों में खूब हंगामा हुआ।
दोनों पक्षों में थाने में समझौता हो गया और परिजन नाबालिग को अपने घर ले गए। जानकारी अनुसार भड़ोली गांव का एक लड़का एक हफ्ता पहले कुल्लू की एक नाबालिग लड़की से प्रेम विवाह कर घर ले आया। तीन दिन पहले रविवार को लड़का पक्ष ने घर में धाम रखी थी।
थाने में हुआ समझौता, लड़की को साथ ले गए परिजन
मंगलवार को लड़की पक्ष के लोग भी गांव में पहुंच गए। लड़की के परिजन लड़की को लेकर अपने घर के लिए निकल पड़े। लड़के वाले लड़की को ले जाने से मना कर रहे थे। दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। मामला गंभीर होता देख दोनों पक्ष पुलिस के पास जा पहुंचे।
दोनों पक्षों का ज्वालामुखी थाना के प्रांगण में समझौता हो गया। समझौता होने के बाद लड़की के परिजन उसे कुल्लू ले गए। थाना प्रभारी ज्वालामुखी शंकर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। थाने में शिकायत दर्ज नहीं की गई है। लड़की के परिजन उसे कुल्लू ले गए।
बेटी से छेड़छाड़ का विरोध किया तो मां पर किया हमला
कांगड़ा जिले के बाई इंदौरिया गांव में एक लड़की के साथ उसी के गांव के युवक पर छेड़छाड़ करने और उसकी माता पर तेजधार हथियार से हमला करने का मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी तिलक राज ने बताया कि लड़की ने शिकायत में बताया है कि जब वह सुबह लगभग साढ़े 11 बजे घर से दुकान पर सामान लेने आई तो वापसी पर रास्ते में मनीष कुमार ने भद्दी टिप्पणियां कीं। इस पर लड़की ने घर आकर अपनी मां को सारा वाकया बताया।
इसके बाद दोनों मां-बेटी उसी स्थान पर युवक को इस हरकत के संदर्भ में पूछने आईं। इस दौरान आरोपी मनीष कुमार ने आपा खो दिया और उसने मां के सामने ही लड़की से छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। जब पीड़िता की मां बीच बचाव करने लगी तो आरोपी युवक ने तेजधार हथियार से लड़की की मां पर हमला कर दिया।
इससे लड़की की मां की बाजू पर गंभीर चोट आई है। पुलिस ने लड़की और उसकी मां का मेडिकल करवा दिया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी महिंद्र सिंह मिन्हास ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि इस मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपी को बक्शा नहीं जाएगा।