राजधानी शिमला के स्कैंडल प्वाइंट के पास कालेज में पढ़ने वाले दो युवकों ने अपने ही सहपाठी पर हमला कर उसे घायल कर दिया। हमले में युवक को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। यह सभी कॉलेज छात्र हैं।
पुलिस के अनुसार बुधवार रात करीब आठ बजे दुर्गापुर निवासी लिखित कुमार सांध्य कालीन कॉलेज की तरफ से स्कैंडल प्वाइंट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दो युवक शिवेन और सुरेंद्र वहां पहुंचे और बिना कुछ बातचीत किए उस पर डंडे से हमला कर दिया।
डंडे के जोरदार हमले से युवक गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। यहां से गुजर रहे लोगों ने घायल युवक को उठाया। डंडे के हमले से युवक के सिर पर गंभीर चोट आई है। शिकायतकर्ता युवक ने दोनों आरोपियों की पहचान पुलिस को करवाई है।
युवक ने सदर थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने शिकायतकर्ता द्वारा बताई पहचान के आधार पर दोनों युवकों के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। युवक का मेडिकल करवाया गया है।