हिमाचल के हमीरपुर में पुलिस थाना सदर के भिड़ा क्षेत्र के एक युवक और युवती ने प्रेम संबंधों के चलते फिनायल खा ली। पहले युवती ने फिनायल गटकी। इसके बाद युवक ने भी फिनायल खा लिया। फिनायल खाने के बाद युवती बेसुध हो गई तो युवक स्वयं उसे उठाकर अस्पताल ले आया।
इसके बाद दोनों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे एक युवक और युवती ने फिनायल निगल ली। इसके बाद वह मौके पर ही बेसुध हो गई। इसके चलते युवक उसे उठाकर क्षेत्रीय अस्पताल ले आया।
चिकित्सकों ने युवती को प्राथमिक उपचार देना शुरू किया। इस दौरान सूचना मिलते ही दोनों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। जैसे ही अस्पताल प्रबंधन को घटना का पता चला तो उन्होंने मामला पुलिस में दर्ज करवाने की बात कही। इतना सुनते ही युवक आग बबूला हो गया और अस्पताल स्टाफ से अभद्र व्यवहार करने लगा।
परिजनों से भी की बदसलूकी, मौके पर पहुंची पुलिस
हालांकि होमगार्ड जवानों ने उसे शांत करने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान वह धक्का-मुक्की करने पर उतारू हो गया। युवक ने अस्पताल में पहुंचे परिजनों से भी धक्का-मुक्की की। इसकी सूचना अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को दी।
इसके चलते पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। उधर, देरशाम को युवती की हालत में थोड़ा सुधार जरूर आया है, लेकिन अब तक उसके बयान कलमबद्ध नहीं हो पाए हैं। युवती के बयान कलमबद्ध होने के बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उधर, थाना प्रभारी कुलदीप कुमार का कहना है कि पुलिस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई है। मामले की छानबीन जारी है।