चंबा में पुलिस ने दो व्यक्तियों से तेंदुए की खाल बरामद की हैं। जिनकी कीमत अंतरराष्ट्रीय मार्केट में लगभग छह लाख रुपये बताई जा रही है। यह मामला शुक्रवार रात का है। चंबा-साहो मार्ग पर गली की घार नामक स्थान पर एसआईयू टीम के मुख्य आरक्षी विरेंद्र सिंह की अगुवाई में पुलिस ने नाका लगा रखा था। पुलिस को सामने से दो व्यक्ति आते दिखाई दिए।
पुलिस ने शक के आधार पर जब इन दोनों को रोककर पूछताछ की तो इन्होंने अपनी पहचान नेचु राम पुत्र चतरो राम गांव डिल्ला डाकघर जडेरा जिला चंबा और रमेश कुमार पुत्र प्रेम लाल गांव साहो जिला चंबा के रूप में बताई। पुलिस ने जब इनके पास मौजूद सामान की जांच की तो इनके पास से तेंदुए की दो खाल बरामद हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तेंदुए की खाल को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को वन्य प्राणी अधिनियम के अंतर्गत हिरासत में लिया है।