कुल्लू की आठ साल की गुड़िया का मामला उछलने के बाद पुलिस अब हरकत में आ गई है। बीते अप्रैल महीने में दुराचार और हत्या के इस मामले में पुलिस के तीन महीने से खाली हाथ है। हिमाचल हाईकोर्ट के स्वत: संज्ञान के बाद अब पुलिस ने हाथ-पांव मारना शुरू किया है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस ने कुछ युवकों को शक के आधार पर पकड़ा है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पिछले तीन दिन में पुलिस कई युवकों से पूछताछ कर चुकी है। पड़ोसी राज्यों में दबिश देकर भी असली गुनहगारों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। कोटखाई गुड़िया मामले से सबक लेते हुए पुलिस किसी भी चूक से बच रही है।
यही कारण है कि अब तक जिन लोगों से शक के आधार पर पूछताछ की गई, उनमें से किसी की भी जानकारी मीडिया या लोगों से साझा नहीं की जा रही। सूत्रों की मानें तो मामले की जांच करने में पुलिस को अपराधियों के शातिर पैतरों से ज्यादा स्थानीय राजनीतिज्ञों की वजह से हो रही मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
हाईकोर्ट और मीडिया के दबाव के बावजूद लोग मामले को ज्यादा उठने नहीं देना चाह रहे। स्थानीय राजनीतिक दखल की वजह से ही पीड़ित परिवार तक पुलिस को सही तरह से सहयोग नहीं कर रहा। एसपी कुल्लू शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि जांच टीम लगातार छानबीन कर मामले का खुलासा करने के लिए सार्थक प्रयास कर रही है। उम्मीद है कि जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।