मुंगाण के पास पिस्तौल तानकर पर्स और बाइक लूटी
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
रुड़की-मुंगाण रोड पर दो बदमाशों ने युवक पर पिस्तौल तानकर उससे बाइक और पर्स लूट लिया। पीड़ित आईएमटी स्थित एक मिल्क प्लांट में काम करता है। इस संबंध में सांपला थाने में केस दर्ज किया गया है।
सोनीपत के गांव गुहणा निवासी अमित ने बताया कि वह आईएमटी स्थित अमूल दूध प्लांट में ऑपरेटर है। अमित की ड्यूटी शाम तीन से रात 11 बजे तक होती है। वह अपनी बाइक से शनिवार रात को गांव रुड़की से मुंगाण रोड पर जा रहा था। मुंगाण के पास दो युवक उसकी बाइक के सामने आ गए। अमित के बाइक रोकते ही आरोपियों ने उस पर पिस्तौल तान दी। इसके बाद आरोपियों ने अमित से उसकी बाइक और पर्स छीन लिया। सूचना मिलने के कुछ देर बाद ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। अमित ने अपने बयान में बताया कि पर्स में करीब 1000 रुपये थे। दोनों आरोपी जींस और चेक की शर्ट पहन रहे थे। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।