घर के आंगन से ही कारोबारी के अपहरण हो गया। पांच साल के मासूम आदित्य का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने जिलाभर में नाकेबंदी कर दी है।हमीरपुर के साथ सटे गांव सलासी से एक कारोबारी के बच्चे का अपहरण कर लिया है। परिजनों ने इस संदर्भ में पुलिस थाना हमीरपुर में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने सर्च आपरेशन शुरू कर दिया है। जिलाभर में नाकाबंदी करवा दी गई है, ताकि बच्चे को हमीरपुर जिले से बाहर नहीं ले जाया जा सके।
पुलिस के अनुसार गांव सलासी स्थित फर्नीचर शोरूम के मालिक एवं बच्चे के ताया अशोक कुमार पुत्र बृज लाल ने पुलिस में बच्चे की किडनेपिंग की शिकायत दर्ज करवाई है। अशोक कुमार ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा है कि उसका छोटा भाई अरुण गांव में ही एक हार्डवेयर की दुकान करता है।
डीएवी स्कूल सलासी में पढ़ता है आदित्य
उसके भाई का एक पांच साल का बच्चा जिसका नाम आदित्य है जो डीएवी स्कूल सलासी में ही पढ़ता है। शिकायतकर्ता ने बताया कि रविवार को भाई का बच्चा कांप्लेक्स के पीछे डीएवी स्कूल की तरफ खेल रहा था। बच्चे को सायं साढ़े पांच बजे तक खेलते हुए देखा गया।
उसके बाद बच्चे को कोई अता-पता नहीं चल पाया। परिजनों ने बच्चे को पूरी रात गांव व हमीरपुर शहर में ढूंढा लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं लग पाया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाकर जांच की गुहार लगाई। परिजनों ने किसी पर अभी तक किडनेपिंग की आशंका नहीं जताई है।
तेंदुआ तो नहीं उठा ले गया
आजकल साढे़ पांच बजे के बाद अंधेरा हो जाता है। पुलिस जांच के एक पहलू यह भी आशंका जता रहा है कि कहीं बच्चे को कोई तेंदुआ तो उठा नहीं ले गया। सलासी के साथ कुछ दूरी पर जंगल भी है। इससे पहले भी जिले में तेंदुए के हमले की कई घटनाएं हो चुकी हैं।
हमीरपुर के एडिशनल एसपी शमशेर सिंह ने कहा कि परिजनों ने बच्चे की किडनेपिंग की शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने जिले की नाकाबंदी कर दी है। मैं स्वयं मौके पर हूं। जिला पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जल्द ही किडनैपर को ट्रेस कर लिया जाएगा।