हिमाचल के जिला मंडी में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। जीप के गहरी खाई में गिरने से चाचा भतीजे की मौत हो गई है। पुलिस के अनुसार हादसा मंगलवार सुबह पांच बजे हुआ। सराजघाटी के छतरी के समीप मथराला में हुआ यह हादसा इतना भयानक था कि जीप सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के कारण जीप के परखच्चे उड़ गए हैं। उधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि हादसा उस वक्त हुआ जब चालक गाड़ी को मोड़ रहा था। मगर एकाएक यह अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को दस-दस हजार रुपये की फौरी राहत दी गई है। मामले की जांच चल रही है।