शिमला के थाना सुन्नी के तहत कोठी में अवैध खनन को लेकर दो पक्षों में झड़प हो गई। इस दौरान जेसीबी से महिला को टक्कर लग गई और उसे चोटें आई। महिला की पहचान उर्मिला वर्मा के तौर पर हुई है। महिला का आरोप है कि उस पर जानबूझ कर जेसीबी चढ़ाने की कोशिश की गई।
जेसीबी मालिक उसे जान से मारने का इरादा रखता था उसी ने जेसीबी चालक को टक्कर मारने के लिए कहा। महिला की सीएचसी सुन्नी में इलाज चल रहा है। आगामी उपचार के लिए आईजीएमसी अस्पताल रेफर किया जा रहा है।
महिला उर्मिला वर्मा का कहना है कि कोठी में उसकी जमीन है। वह ढली में रहती है। किसी रिश्तेदार की मौत पर वह वहां गई थी। इसी दौरान वह कोठी में अपनी जमीन देखने भी पहुंची। रविवार सुबह जब वह मौके पर पहुंची तो एक जेसीबी उसकी जमीन से अवैध खनन कर रहे थे।
जब उसने इसे रोकने की कोशिश की तो आरोपी उसके साथ उलझ पड़े और उसे जेसीबी से कुचलने की कोशिश की। आस पास के लोगों ने बीच बचाव किया तब जाकर उसकी जान बची। उधर, इस संदर्भ में सुन्नी पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) संदीप धवल ने कहा कि मामले की छानबीन के निर्देश दिए गए हैं।