युवक घर से काम की तलाश में निकला था लेकिन उसे क्या पता था कि उसके साथ कुछ ऐसा होने वाला है जो उसने कभी सोचा भी नहीं होगा। हिमाचल के सिरमौर जिले के रेणुका क्षेत्र के एक गांव के युवक का राजस्थान के अलबर में अपहरण हुआ है। किडनेपरों ने परिजनों से 5 लाख फिरौती मांगी है।
युवक 9 नवंबर को घर से काम की तलाश में निकला था। लेकिन उसके बाद 13 नवंबर को पंचायत प्रधान के मोबाइल पर राजस्थान के अलबर रेलवे स्टेशन से दो कॉल आईं। जिसमें युवक उनके कब्जे में होने और 5 लाख फिरौती की डिमांड की गई।
राजस्थान के अलबर रेलवे स्टेशन से आया फोन
प्राप्त जानकारी के अनुसार रेणुका विधानसभा क्षेत्र की कोटी धीमान पंचायत के पिड़ताड़ी गांव निवासी गुमान सिंह का 24 वर्षीय बेटा केदार सिंह 9 नवंबर को घर से नौकरी की तलाश में निकला था। उसने परिजनों से कहा कि वह दिवाली के दिन घर लौट आएगा। लेकिन वह दिवाली को घर नहीं आया।
13 नवंबर को कोटी धीमान पंचायत प्रधान बीर सिंह के मोबाइल पर राजस्थान के अलबर रेलवे स्टेशन से दो अलग-अलग मोबाइल नंबर से फोन आए। फोन करने वालों ने बताया कि केदार सिंह उनके कब्जे में हैं। यदि उसे सही सलामत देखना चाहते हो तो 5 लाख रुपए लेकर राजस्थान पहुंच जाओ। पंचायत प्रधान ने तत्काल यह बात केदार सिंह के परिजनों को बताई।
नंबर ट्रेस करने में जुटी पुलिस
पंचायत प्रधान बीर सिंह ने शनिवार को संपर्क करने पर बताया कि फोन करते समय केदार सिंह के रोने की आवाज आ रही थी और वह यही कह रहा था कि पुलिस को इसकी सूचना न दें। उसके साथ शिलाई क्षेत्र का एक युवक और भी है। पिता गुमान सिंह ने इसकी शिकायत रेणुका थाने में दर्ज करवाई। जानकारी मिली है कि परिजन, पंचायत प्रधान और एएसआई रघुवीर सिंह पुलिस टीम के साथ राजस्थान के लिए शनिवार सुबह रवाना हो गए हैं।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर सौम्या साम्बशिवान ने बताया कि गुमान सिंह की शिकायत पर धारा 364ए एवं 506 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। पंचायत प्रधान बीर सिंह के मोबाइल पर जिन दो मोबाइल नंबर से काल आई है उन्हें ट्रेस किया जा रहा है।