औद्योगिक हब बीबीएन के सैणीमाजरा में चल रहे पूर्व रेल मंत्री पवन बंसल के थियोन फार्मास्यूटिकल उद्योग पर फिर आयकर विभाग ने छापा मारा है। मंगलवार रात्रि से उद्योग के भीतर दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है। उद्योग में लगे कंप्यूटर सिस्टम इस टीम ने अपने कब्जे में ले लिए है। सारे रिकार्ड की पड़ताल हो रही है।
इस टीम के अधिकारी और कर्मचारी आठ वाहनों में सवार होकर यहां आए हैं, जिसमें केंद्रीय आयकर विभाग की टीम और पटियाला की आयकर विभाग की टीम शामिल है। रेलवे में प्रमोशन के लिए घूसकांड के मामले के बाद यह कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार रात्रि को यह टीम उद्योग में पहुंची और रात्रि की शिफ्ट छूटने वाले कामगारों को बाहर जाने दिया गया और रात्रि की शिफ्ट को भीतर आने दिया गया है, जो कि बुधवार दिन में उद्योग के भीतर ही बंद हैं और किसी को बाहर नहीं आने दिया जा रहा है। आयकर विभाग की टीम पहले भी पूर्व रेलवे मंत्री के घर सहित दस जगहों पर दबिश दे चुकी है।