डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह पर चल रहे साध्वी यौन शोषण केस में शुक्रवार (25 अगस्त) को फैसला आने वाला है। डेरा समर्थकों की तरफ से प्रदर्शनों की आशंका में पंजाब और हरियाणा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
डेरा सच्चा सौदा की स्थापना साल 1948 में शाह मस्ताना ने की थी। मौजूदा प्रमुख गुरमीत सिंह ने 1990 में डेरे की गद्दी संभाली थी। 90 के दशक से लेकर आज तक डेरा और उसके प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह विवादों में हैं। देखें, क्या हैं उनसे जुड़े 11 बड़े विवाद:
1. बच्चे की मौत को लेकर पत्रकारों से विवाद
1998 में गांव बेगू का एक बच्चा डेरा की जीप के नीचे आ गया। इसके बाद गांववालों का डेरा से विवाद हो गया। डेरा पर घटना का समाचार प्रकाशित करने पर अखबारों के नुमाइंदों को धमकाने के आरोप लगे। बाद में डेरा सच्चा सौदा की प्रबंधन समिति और मीडियाकर्मियों की पंचायत हुई।
इसमें डेरा सच्चा सौदा की तरफ से लिखित माफी मांगी गई और मामला सुलझ गया।
2. यौन शोषण के आरोप वाली गुमनाम चिट्ठी
मई 2002 में डेरा सच्चा सौदा की एक कथित साध्वी ने डेरा प्रमुख पर यौन शोषण के आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री को गुमनाम चिट्ठी भेजी और इसकी एक प्रति पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को भी भेजी गई।
10 जुलाई, 2002 को डेरा सच्चा सौदा की प्रबंधन समिति के सदस्य रहे कुरुक्षेत्र के रणजीत सिंह की हत्या हो गई। आरोप लगा कि डेरा सच्चा सौदा के प्रबंधकों को शक था कि रणजीत ने अपनी बहन से गुमनाम चिट्ठी लिखवाई है जो डेरा में साध्वी थी। 24 सितंबर 2002 को हाईकोर्ट ने साध्वी यौन शोषण मामले में गुमनाम पत्र का संज्ञान लेते हुए सीबीआई को जांच के आदेश दिए।