हिमाचल के चंबा जिले के बरौर के डबोला गांव में पेड़ पर लटके छात्र का शव करीब 24 घंटे बाद फोरेंसिक टीम के पहुंचने पर रस्सी काटकर उतारा गया। इस दौरान मृतक के परिजन, ग्रामीण और पुलिस बल भी मौजूद रहा। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा लाया गया।
यहां एक्सपर्ट ने तर्क दिया कि उन्हें इस प्रकार के पोस्टमार्टम करने की अभी अनुमति नहीं मिली है। पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज में न लैब का बंदोबस्त है और न इक्यूपमेंट की पूरी सुविधा है। इसके चलते शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
पुलिस और परिजन शव को टांडा ले गए। दो अगस्त को दिनेश बिजलवान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरौर में परीक्षा देने गया था। इसके बाद लौटकर नहीं आया। बेटे का रिश्तेदारों के यहां पता करने पर कोई भी सुराग न मिला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में बेटे के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई।