कोरोना कर्फ्यू के दौरान दिनदहाड़े सोमवार को हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ के खेड़ा गांव में एक व्यक्ति की कार को घेरकर उसे गोली से उड़ा दिया गया। रंजिश के चलते इस वारदात को दोपहर करीब 2:30 बजे अंजाम दिया गया। इस वारदात में चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं। हमलावर मौके से फरार हैं। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर हमलावरों को तलाश कर रही है।
मृतक की पहचान सिमरन उर्फ सीमू के रूप में हुई है, जो नालागढ़ के बारछा पंचायत का रहने वाले था। बताया जा रहा है कि सीमू इकबाल और नदीम के साथ नालागढ़ की ओर स्विफ्ट कार में आ रहे थे। इनके पीछे दूसरी गाड़ी में जिंदू था। ये लोग जैसे ही खेड़ा गांव पहुंचे तो दूसरी ओर से एक स्कॉरपियो गाड़ी आई और स्विफ्ट कार को सामने से टक्कर मार दी। इससे कार रुक गई।
पलक झपकते ही कुछ युवकों ने कार पर गोलियां बरसाना शुरू कर दीं। सीमू के सीने पर गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। नदीम की टांग के ऊपरी हिस्से और इकबाल की दोनों टांगों में भी गोलियां लगीं। पीछे आ रहे जिंदू की भी हमलावरों ने जमकर धुनाई कर दी, जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया। सूचना मिलते ही एसपी रोहित मालपानी, डीएसपी विवेक मौके पर पहुंचे। डीएसपी विवेक ने बताया कि इससे पहले भी इन दोनों गुटों में झगड़ा हुआ था। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। हमलावर भी स्थानीय लोग हैं।