हिमाचल के बिलासपुर जिले के पुलिस थाना घुमारवीं के तहत नाकाबंदी के दौरान एक कार सवार नाका तोड़कर फरार हो गया। बुधवार देर रात कोरोना वायरस के चलते कर्फ्यू के दौरान पुलिस ने घुमानी चौक पर नाकाबंदी की थी।
इस दौरान पनोह सड़क की तरफ से एक कार आई। पुलिस ने पूछताछ के लिए कार चालक को रुकने का इशारा किया, वह बैरिकेड तोड़कर भाग निकला। पुलिस के अनुसार कार सवार पूर्व विधायक का बेटा था। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
डीएसपी राजेंद्र जसवाल ने बताया कि कार में दो लोग सवार थे, जिसमें एक पूर्व विधायक का बेटा था। पुलिस ने इस संबंध में आईपीसी की धारा 186,188, 34 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बिलासपुर जिले में एक सप्ताह में इस तरह की यह दूसरी एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।