चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कॉलोनी नंबर चार में घर के बाहर नल से पानी भर रही युवती ने जब बाल्टी हटाने से इनकार कर दिया तो पड़ोसी दंपती ने उसकी पिटाई कर दी। इसमें युवती का सिर फट गया। इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने आईपीसी की धारा 323 और 341 के तहत मामला दर्जकर आरोपी दंपती माया और सन्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में 20 वर्षीय नैंसी ने बताया कि वह इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कॉलोनी नंबर चार में परिवार समेत रहती है। गुरुवार सुबह करीब 8.30 बजे वह घर के बाहर नल से बाल्टी में पानी भर रही थी। इस दौरान पड़ोस में रहने वाली माया ने उसे नल के नीचे से बाल्टी हटाने के लिए कहा, लेकिन बाल्टी भरी नहीं होने से उसने हटाने से मना कर दिया।
आरोप है कि इनकार करते ही माया ने उसे थप्पड़ मार दिया। तभी माया का पति सन्नी भी वहां आ गया और पत्थर मारकर उसका सिर फोड़ दिया। पुलिस ने घायल नैंसी को जीएमसीएच-32 में भर्ती करवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, वारदात के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।