राजधानी के मैहली से सटे ब्यूलिया के गांव होरी में शनिवार दोपहर बाद सड़क हादसे में रोहड़ू के युवक आदित्य की मौत हो गई है। बाइक पर तीन युवक सवार थे। बाइक एक ट्रक से टकरा गई।
आदित्य की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक पर सवार दो अन्य युवक दीपक और विनोद निवासी रोहड़ू घायल हुए हैं। दोनों युवकों का आईजीएमसी में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने बताया है कि तीनों युवक मैहली स्थित निजी संस्थानों में पढ़ते हैं। कसुम्पटी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर इसे परिजनों को सौंप दिया है।
मंडी में जीप की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत
मंडी जिला के सराज क्षेत्र के जरोल गांव में बल्ह क्षेत्र से सब्जी लेकर पहुंची एक जीप की चपेट में आने से एक 70 वर्षीय वृद्ध की जीप के नीचे आने से मौत हो गई।
मृतक की पहचान पुलिस ने लजे राम निवासी घाटाधार जरोल के रूप में की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर इसे पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
थाना प्रभारी गोहर नवीन झालटा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने जीप चालक राजीव कुमार निवासी बल्ह के खिलाफ आईपीसी की धारा 279, 304 ए के तहत केस दर्ज कर दिया है तथा छानबीन जारी है।
संतोषगढ़ में बस ने कुचली बुजुर्ग, मौत
संतोषगढ़ में बस की टक्कर से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी है। बुजुर्ग की पहचान अमरो देवी पत्नी करतार चंद निवासी वार्ड नंबर दो संतोषगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को अमरो देवी टाहलीवाल से वापस अपने घर जा रही थी। पुल पार करते समय निजी बस की चपेट में आ गई। हादसे में घायल बुजुर्ग महिला को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए हरोली अस्पताल लाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसपी ऊना अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
सड़क हादसे में वॉलीबाल कोच की मौत
हमीरपुर में हुए एक सड़क हादसे में वॉलीबाल कोच की मौत हो गई है। हादसा कैहडरू के नजदीक हुआ है। कोच कार में सवार थे। ये कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। कार में मौजूद अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।
घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में भर्ती किया गया है। पुलिस के अनुसार, चंबा में चल रही राज्य स्तरीय प्रतियोगिता से वापिस आ रहे कोच व अध्यापक की कार नंबर एचपी 10ए 5266 में शिमला की तरफ जा रहे थे।
रात लगभग 12:30 बजे जब वह कैहडरू के नजदीक पहुंचे तो कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। इसमें शिमला के चौपाल के गांव गुरलां निवासी विक्रम पांटा (47) पुत्र दलीप पांटा की मौके पर ही मौत हो गई।