हिमाचल के जिला कुल्लू के तहत आने वाले बंजार बाजार में सोमवार देर रात लगी आग से 14 दुकानें जलकर राख हो गई हैं। आगजनी की इस घटना से करीब डेढ़ करोड़ का नुकसान हुआ है।
दमकल की टीमें मंगलवार दोपहर तक आग पर काबू पाने में जुटी है। जानकारी के अनुसार बाजार की एक दुकान में देर रात करीब 12 बजे आग भड़क गई।
थोड़ी ही देर में आग बेकाबू हो गई और आसपास की दुकानों को भी चपेट में ले लिया।
14 दुकानों में फैली आग
पुलिस के अनुसार देर रात लगी यह आग सुबह सात बजे तक करीब 14 दुकानों में फैल गई।
आग ने करियाने, ज्वैलरी, हार्डवेयर समेत दूसरी दुकानों को चपेट में ले लिया। आग की खबर फैलते ही स्थानीय दुकानदार मौके पर पहुंच गए।
इसके बाद लोगों ने दमकल के साथ मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन भारी मशक्कत के बाद भी इस पर काबू नहीं पाया जा सका।
आग के कारणों का नहीं लग रहा पता
मंगलवार दोपहर बाद तक दमकल की टीम ने आग पर काबू पा लिया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग से डेढ़ करोड़ का नुकसान हुआ है। किसी के झुलसने की सूचना नही हैं।
पुलिस और स्थानीय एसडीएम भी मौके पर पहुंच गए हैं। कारोबारी आग की राख के बीच बचा हुआ सामान निकालने में जुट गए हैं।
गौरतलब है कि कुल्लू के ही मोहनी गांव में भी भीष्ण अग्निकांड हो चुका है। यहां पूरा गांव जलकर राख हो गया था।