सिहानी गेट थाना क्षेत्र के नूरनगर सिहानी में रहने वाले एक होटल संचालक ने बेटे और बेटी को जहरीला पदार्थ खिलाकर खुद भी फंदा लगा लिया। इससे तीनों की मौत हो गई। कारोबार में घाटे की वजह से वह मानसिक रूप से परेशान था। इसी वजह से उसने आत्मघाती कदम उठाया।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। सुंदरपाल (42), बेटा तुषार (15), बेटी माही (11) सोमवार रात एक कमरे में सोए थे। पत्नी शशि सभी को खाना खिलाकर करीब साढ़े नौ बजे दूसरे कमरे में सोने चली गई।
अकेला होने पर उन्हें नींद नहीं आई तो वह 10 बजे दूसरे कमरे में आई और छोटे बेटे नमन को सोने के लिए अपने साथ ले गई। सुंदरपाल तुषार और माही के साथ लूडो खेलते रहे। शशि के सोने केबाद सुंदरपाल ने रसमलाई में दोनों बच्चों को जहरीला पदार्थ खिलाया और खुद फंदे से लटक गया।
पत्नी तड़के तीन बजे उठी तो उन्होंने दूसरे कमरे की लाइट जली देखी। अंदर जाकर देखा तो सुंदरपाल का शव लटका हुआ था। तुषार और माही का शव जमीन पर पड़ा था। चीख पुकार सुनकर परिवार के अन्य लोग उठ गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुंदरपाल मनाली में होटल चलाता था। थाना प्रभारी सिहानीगेट संजय पांडेय ने बताया कि सुंदरपाल की आर्थिक स्थिति खराब थी और व्यापार में घाटा हो रहा था। इसलिए वह पिछले काफी समय से डिप्रेशन में था।