बड़ोग में फर्जी साधुओं का भंडाफोड़
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश के सोलन के साथ लगते पर्यटन क्षेत्र बड़ोग में कथित फर्जी साधुओं का लोगों ने भंडाफोड़ कर दिया। नकली साधु बनकर भिक्षा के नाम पर लोगों से ठगी करना इन्हें महंगा पड़ गया। स्थानीय लोगों को शक होने पर उन्होंने इसकी जानकारी पंचायत प्रधान को दी। पुलिस को शिकायत देने के लिए कहा। हालांकि, ये लोग कहा से आए हैं, इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।
जानकारी के अनुसार सोलन के पर्यटन स्थल बड़ोग में पांच साधु वेषधारी घर-घर जा कर भिक्षा मांग रहे थे। स्थानीय लोगों को शक हुआ कि ये साधू नहीं है बल्कि उनके द्वारा साधु का वेष धरा हुआ है। ऐसा मालूम होते ही सभी लोग वहां एकत्र हो गए और मौके पर पंचायत उपप्रधान सुनील कश्यप को भी बुलाया। जब उनसे गहन पूछताछ की गई तो पता चला कि वे साधू नहीं बल्कि एक समुदाय विशेष से संबंधित बताए जा रहे हैं और साधू का वेष धर कर पैसा कमाने के उद्देश्य से हिमाचल आए हैं।
जब इस बात का खुलासा हुआ तो स्थानीय लोगों ने इनकी शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई और सभी ने धर्म से खिलवाड़ करने वाले इन ढोंगी बाबाओं पर सख्त कार्रवाई करने की अपील की। वहीं, उपप्रधान सुनील कश्यप ने बताया कि बड़ोग में पांच संदिग्ध युवा साधु के वेष में भिक्षा मांग रहे थे। ये पांचों युवा देखने में साधु प्रतीत नहीं हो रहे थे। शक के आधार पर इनसे पूछताछ की गई तो ये सभी ढोंगी निकले। जब इनके आधार कार्ड की जांच की गई तो पता चला कि ये सभी एक समुदाय से संबंधित हैं। जो हिंदू धर्म का अनादर कर रहे थे। उन्होंने इस की शिकायत पुलिस में कर दी गई है। एसएएचओ धर्मपुर राकेश रॉय ने मामले की पुष्टि कर कहा कि मामले की जांच की जा रही है।