प्रताड़ना से तंग आकर 9 अगस्त को नहर में कूदने वाली जोगिंद्रनगर निवासी महिला का शव 25 दिन बाद सोमवार को बीएसएल जलाशय से बरामद कर लिया गया है। सुबह सात बजे सैर के लिए निकले लोगों ने जलाशय के किनारे शव देखा।
पुलिस को इस बारे में सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। सुंदरनगर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा कर शव मायका पक्ष को सौंप दिया है। उधर, बेटी की यह हालत देखकर मां बिलख बिलख कर रोई।
पुलिस ने सास, ससुर और पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने के साथ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा भी दर्ज कर दिया है। महिला की शिनाख्त परमिंद्र कौर पत्नी कुलदीप सिंह निवासी मछयाल के रूप में हुई है।
गौर हो कि बल्ह के ढाबण निवासी अवतार सिंह ने सुंदरनगर के बीएसएल थाना में 10 अगस्त को दर्ज कराई प्राथमिकी में आरोप लगाया था कि उसकी पुत्री परविंद्र कौर की शादी 2013 में मछयाल निवासी कुलदीप सिंह के साथ हुई थी।
शादी के बाद से ही कुलदीप सिंह व उसके माता-पिता उसकी पुत्री को दहेज को लेकर प्रताड़ित करते थे तथा उसको मानसिक व शारीरिक रूप से तंग करते थे। ससुरालियों की प्रताड़ना से तंग आकर परविंद्र कौर 9 अगस्त को जोगिंद्रनगर से सुंदरनगर पहुंच कर यहां नहर में कूद गई थी।
नहर में कूदने से पहले महिला ने अपने पति को फोन कर सुधरने के भी नसीहत दी थी। 10 अगस्त को महिला का सुसाइड नोट और दुपट्टा बग्गी रोड पर नहर किनारे मिला था। जिसमें उसने अपनी मौत के लिए पति, सास और ससुर की प्रताड़ना को जिम्मेवार ठहराया था।