कोरोना वायरस जैसी महामारी से बचाव के लिए सरकार एवं जिला प्रशासन भले ही लोगों की मदद और जागरूक कर रही हो लेकिन, भावावैली के यांगपा फस्ट गांव के कुछ लोगों को प्रशासन की यह सख्ती बिल्कुल ही नहीं रास आई। गांव के कुछ अराजकतत्वों ने गांव के पास कर्फ्यू के दौरान ड्यूटी पर लगाए गए पुलिस कर्मियों पर हमला बोल दिया। इसमें तीन पुलिस कर्मियों को हल्की चोटें आई हैं। तीनों का स्थानीय चिकित्सालय में उपचार कराया गया।
किन्नौर जिले भावावैली के कटगांव पुलिस चौकी से तीन पुलिस कर्मी कर्फ्यू ड्यूटी देने के लिए निकले थे। तीनों आरक्षी कटगांव से विभिन्न गांव में कर्फ्यू का अनुपालन कराते हुए वापस चौकी क्षेत्र में आ रहे थे। इस बीच यांगपा फस्ट गांव के समीप रास्ते में आठ लोग इक्कठे खड़े थे। पुलिस ने इन लोगों को वहां से घर जाने के लिए कहा तो लोगों ने पुलिस के साथ लाठी-डंडे से धावा बोल दिया। इसमें एक पुलिस कर्मी के मुंह में चोट आई।
जबकि दो अन्य पुलिस कर्मियों को मारपीट के दौरान गंभीर चोटें आईं। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही डीएसपी भावानगर ने मौके पर जाकर जांच के बाद पुलिस कर्मचारियों को मेडिकल के लिए भेज दिया और पुलिस टीम को आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए उनके गांव पुलिस को भेज दिया है। उधर, डीएसपी भावानगर ने बताया कि सभी आरोपियों के लिए पुलिस ने मामला दर्ज करके पुलिस को उनके गांव में भेज दिया है जल्द उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।