कांग्रेस नेता ने गिरवी फ्लैट को 40 लाख रुपये में बेच दिया। धोखाधड़ी का पर्दाफाश उस वक्त हुआ जब फ्लैट की रजिस्ट्री करवाने राजस्व विभाग के कार्यालय पहुंचे। गिरवी फ्लैट को 40 लाख रुपये में बेचने के आरोप में कांग्रेस नेता एवं लघु किसान मंच के प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार पर सोलन में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। चंडीगढ़ के मोहाली निवासी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार मोहाली के जसकरण वीर सिंह ने लिखित शिकायत में कहा है कि कुछ समय पहले उसने विनोद से फ्लैट खरीदा। सोलन के कथेड़ में इस फ्लैट का सौदा करीब 40 लाख रुपये में हुआ। आरोपी नेता ने 40 लाख की राशि ले ली। उसके बाद रजिस्ट्री की कवायद खरीदार ने शुरू की लेकिन रजिस्ट्री नहीं हो सकी। पड़ताल की तो पता चला कि फ्लैट पहले ही देना बैंक में गिरवी पड़ा है।