कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए बरती जा रही सावधानियों और सरकार व डीएम के आदेशों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। अनलॉक-1 में इस कार्रवाई में नालागढ़ पुलिस ने शहर के केमिस्टों पर शिकंजा कसा गया।
यहां दवाई लेने आ रहे खांसी-बुखार के मरीजों का आदेशानुसार रिकॉर्ड न रखने और दवा के बिल न देने पर पुलिस ने चार केमिस्टों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने यह सब एक स्टिंग ऑपरेशन के तहत कार्रवाई की।
आरक्षी विजय पराशर और लक्की कोविड ड्यूटी में नालागढ़ शहर में थे, तो सूचना मिली कि केमिस्ट बिना पर्ची और दवा लेने वालों का रिकॉर्ड दर्ज किए दवाइयां बेच रहे हैं। इसके बाद पुलिस वालों ने सादे कपड़े पहने और पहले जीवन मेडिकल शॉप में गए और बिना पर्ची के गले की खराश, छींक व बुखार की दवा मांगी तो उस व्यक्ति ने इन्हें चार गोलियां दी और 10 रुपये लिए।
केमिस्ट ने न उनका नाम-पता दर्ज किया और न दवा का बिल दिया। यही हाल बर्फानी चौक पर जैन फार्मास्यूटिकल शॉप, लक्की हरजोत मेडिकल स्टोर गोल मार्केट और नालागढ़ अस्पताल के गेट के सामने वाली जैन मेडिकोज में देखने को मिला। पुलिस वालों ने सारी घटनाओं की वीडियोग्राफी कर ली।
चारों दुकानदारों ने बिना अस्पताल की पर्ची के आम जनता को कोरोना के लक्षण जुकाम, खांसी, बुखार आदि की दवा देना घातक हो सकता है। ऐसे में कोरोना संक्रमित व्यक्ति भी दवा लेकर जा सकता है। डीएम के आदेशों की अवहेलना करने पर इनके खिलाफ मामले दर्ज किया है।
- रोहित मालपानी, पुलिस अधीक्षक