पटियाला पुलिस ने एक बीज विक्रेता को गिरफ्तार करके गैरकानूनी ढंग से तय कीमत से ज्यादा पर बेचे जा रहे धान की किस्म पीआर 128 और पीआर 129 के बीजों के 93 थैले जब्त किए हैं। एसएसपी मनदीप सिंह सिद्धू ने बताया कि बीज इंस्पेक्टर कम खेतीबाड़ी विकास अधिकारी ब्लाक पटियाला जसपिंदर कौर की शिकायत पर इस मामले में थाना अनाज मंडी में धारा 420 और जरूरी वस्तुओं बारे एक्ट 1955 की धारा 7 तहत विष्णु बीज स्टोर के मालिक राधे श्याम को नामजद किया गया है।
यह बीज विक्रेता धान के बीजों की किस्म पीआर 128, जिसकी कीमत पंजाब कृषि यूनिवर्सिटी की ओर से 70 रुपये और पीआर 129 के बीज की कीमत 62.50 रुपये निर्धारित की गई थी, को बेचने का अधिकार नहीं रखता था। लेकिन यह किसानों के साथ धोखाधड़ी करते हुए गैरकानूनी तरीके के साथ किसानों से ज्यादा कीमत लेकर बीज 100 रुपये प्रति किलो बेच रहा था। खेतीबाड़ी विभाग व पुलिस ने साझे तौर पर बीज की दुकान पर छापा मारते हुए गैरकानूनी तौर पर रखे गए 93 थैले (10 किलो प्रति थैला) जब्त कर लिया। दुकान के मालिक राधे श्याम को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।