शिलाई विस क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली अशियाड़ी पंचायत के पूर्व प्रधान के दुबोड़ स्थित घर से लाखों रुपये के गहनों पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। पूर्व पंचायत प्रधान बहादुर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। गहनों की अनुमानित कीमत 6 से 7 लाख रुपये बताई जा रही है। शिलाई पुलिस थाना प्रभारी स्वयं मामले की जांच में जुटे हैं। अज्ञात चोरों ने गहनों पर कब हाथ साफ किया इसकी जानकारी स्वयं घरवालों को भी नहीं है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्व प्रधान बहादुर सिंह के घर में उसकी तीन बहुएं व एक बेटी की समस्त ज्वैलरी एक संदूक में रखी रहती है। इनमें से जिसे जरूरत होती है वह गहनों को निकाल लेता था। अंतिम बार बहादुर सिंह की बेटी ने 9 सितंबर को उस समय संदूक खोला था जब उसने बाजार से खरीदे नये कंगनों को उस संदूक में रखा। उस दौरान संदूक में पूरी ज्वैलरी सुरक्षित थी। उसके बाद किसी भी पारिवारिक सदस्य को उस संदूक को खोलने की आवश्यकता नहीं पड़ी।