किन्नौर जिले में लियो कैंची के पास राष्ट्रीय उच्च मार्ग पांच पर वीरवार देर रात एक टिप्पर के दुर्घटनाग्रस्त होने से वाहन में सवार चालक समेत तीन कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई। टिप्पर में बैठे दो अन्य कर्मचारी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का रामपुर खनेरी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस थाना पूह के मुताबिक हादसा वीरवार देर रात हुआ। सीमा सड़क संगठन समदू का टिप्पर सीएच 7909 कां से मलिंग की ओर जा रहा था।
उच्च मार्ग पांच पर लियो कैंची के पास चालक के नियंत्रण खो देने से सड़क से करीब डेढ़ सौ फुट नीचे गहरी खाई में लुढ़क गया। हादसे में चालक मैवालाल मिश्रा आयु (36) आरोह अमअम तहसील शाहनगर मध्य प्रदेश, कुंदन कुमार (24) आरोह बराठा डाकघर द्रंग तहसील पधर जिला मंडी, बिल्लुमल (30) अपरंगनी डाकघर असनजौर पुलिस थाना जामा जिला दुमका झारखंड की मौके पर मौत हो गई।
दो अन्य कनिष्ठ अभियंता अजाज अहमद (26) टाउनशिप कावेरी जियानगर फुलपुर सराय अब्दुल मलिक अजेरा गिया नगर इलाहाबाद उत्तर प्रदेश और एक अन्य मेट आनंद नारायण (34) जादू रावत 108 आरसीसी मलिंग दो घायलों को वीरवार देर शाम को नाको और मलिंग के स्थानीय लोगों सहित सीमा सड़क संगठन के जवानों ने खाई से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूह में प्राथमिक उपचार के लिए पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला मुख्यालय रिकांगपिओ भेजा गया।
क्षेत्रीय अस्पताल में उनकी बिगड़ती हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रामपुर के खनेरी अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही यंगथंग पुलिस चौकी से मुख्य आरक्षी यंगथंग मदन सिंह सिपाही चंद्र प्रकाश की अगुवाई में पुलिस की टीम भी घटना स्थल पर पहुंची। उधर, एसपी किन्नौर राहुल नाथ ने कहा कि हादसा किन कारणों से हुआ है पुलिस इसकी छानबीन करने में जुट गई है। सीमा सड़क संगठन के ओसी समदू 108 आरसीसी आरएस पटेरीया ने कहा कि संगठन की ओर से पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता दे दी जाएगी।