पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उन्हें उठाया और अपने साथ थाने ले गए।
- फोटो : Demo pic
शिमला के अनाडेल में गलैन के नजदीक गाड़ी में संदिग्ध हालत में एक युवक और युवती मिले। सुबह सैर पर निकले स्थानीय लोगों ने उन्हें सबसे पहले देखा। दोनों गाड़ी में बेसुध पड़े थे। इसकी सूचना पुलिस को दी गई, पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उन्हें उठाया और अपने साथ थाने ले गए।
इन दोनों का मेडिकल भी करवाया गया। बताया जा रहा है कि वह रात को मलबा फेंकने आए थे वहीं गाड़ी में सो गए। इस जगह पर कू़ड़ा फेंकने का कई बार स्थानीय लोग विरोध कर चुके हैं। सुबह सैर के लिए निकले एक जागरूक नागरिक ने जब सड़क के किनारे कूड़ा फैला देखा तो वह वहां से कुछ दूर खड़ी पिकअप गाड़ी के पास गए।
उन्हें लगा कि इसी गाड़ी में यह कूड़ा लाया गया और यहां फेंक दिया गया। जब वह गाड़ी के पास पहुंचे तो वहां युवक युवती बेसुध पड़े थे उसके बाद फिर पुलिस को जानकारी दी गई। उधर, इस बारे में एएसपी सिटी भजन देव नेगी ने कहा कि दोनों का मेडिकल करवाया गया है। यह नेपाली मूल के हैं और एक साथ रहते हैं।