गांव झलेड़ा में भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी हरिओम भनोट की हार्डवेयर की दुकान में शातिर चोर दिनदहाड़े नोटों से भरा बैग ले उड़े। बैग में लगभग 22 हजार रुपये की नकदी थी। मामला हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले का है। जब तक व्यापारी कुछ समझ पाता, तब तक शातिर बाइक पर मौके से नौ दो ग्यारह हो गए।
दिनदहाड़े हुई लूटपाट की वारदात से स्थानीय दुकादारों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने जिला भर में नाकाबंदी कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने में कामयाबी हासिल कर ली। भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी हरिओम भनोट झलेड़ा में हार्डवेयर का कारोबार करते हैं।
पलों में आखों में धूल झोंककर फरार हो गए
शुक्रवार दोपहर करीब सवा बारह बजे दो युवक दुकान पर आए और पलास मांगा। युवकों ने में एक हजार रुपये दिए, जो भनोट ने अपने रुपयों के बैग में रखे और बकाया राशि वापस करने लगे। इतने में भनोट का ध्यान कुछ बंटा देख लुटेरे रुपयों से भरा बैग उठाकर दुकान से फरार हो गए। भनोट ने बताया कि उन्होंने इन लोगों का पीछा भी किया, लेकिन लुटेरे दुकान से कुछ ही दूरी पर खड़ी बाइक पर फरार होने में कामयाब हो गए।
वारदात के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस थाना में सूचना दी। मौके पर पहुंचे एसएचओ शेर सिंह ने पूरी घटना की जानकारी ली। वहीं जानकारी मिलते ही प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शर्मा, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष सुमित शर्मा ने भी झलेड़ा पहुंच हरिओम भनोट से घटना के बारे जानकारी ली। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि शिकायत मिलते ही जिला भर की सीमाएं सील कर दी गईं।
वारदात से कारोबारी सकते में
दिनदहाड़े दुकान पर हुई लूट की इस वारदात से झलेड़ा का व्यापारी वर्ग सकते में है। झलेड़ा के व्यापारी लवली, लक्की, रामकिशन, हंसराज, बंटी, पाली, छोटूराम, चौधरी मक्खन सिंह, मगनदत्त चड्ढा, राजीव कुमार समेत कई लोगों ने बताया कि करीब दो साल पहले झलेड़ा में बस से उतर रही एक महिला की चेन उड़ाने की घटना भी हुई थी।
इसके बाद लूट की यह दूसरी वारदात झलेड़ा बाजार में हुई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से झलेड़ा बाजार में नियमित रूप से पुलिस गश्त और कम से कम एक होमगार्ड या पुलिस जवान की तैनाती किए जाने की मांग भी रखी है।