राजकीय कन्या महाविद्यालय (आरकेएमवी) में शुक्रवार को परीक्षा हाल में एक छात्रा ने जमकर हंगामा मचाया। न्यू ब्लॉक की तीसरी मंजिल में बने परीक्षा केंद्र में सुबह नौ बजे परीक्षा चल रही थी।
इसी बीच एक छात्रा लड़खड़ाती हुई कमरे में पहुंचीं। उसने आते ही इधर-उधर की बातें शुरू कर दीं। शिक्षिका ने एडमिट कार्ड मांगा तो उसने ‘माल लाओ... गला सूख रहा है मुझे पानी पिलाओ’ जैसी बात कही। शिक्षिका ने इसकी सूचना स्टाफ को दी।
छात्रा के पास परीक्षा का एडमिट कार्ड तो मिला लेकिन वह परीक्षा देने की हालत में नहीं थी। छात्रा की हरकतों को नशे से जोड़कर देखा गया और पुलिस बुला ली गई। पुलिस के अनुसार छात्रा प्रथम वर्ष इंग्लिश की परीक्षा देने के लिए आई थी। मगर उसे यह तक मालूम नहीं था कि परीक्षा कब है।
परिसर में छात्रा के हंगामे पर छात्राओं और शिक्षकों की भीड़ जमा हो गई। प्राचार्य प्रो. मीरा वालिया भी वहां पहुंच गईं। मौके पर पहुंची पुलिस छात्रा को चौकी ले आई। पुलिस का कहना है कि छात्रा का मेडिकल करवाया गया है। इसके परिजनों को भी सूचना दी गई है।
मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि क्या छात्रा बीमार थी या फिर इसे नशे की लत है।