जिला अस्पताल कुल्लू की एक महिला डॉक्टर ने पुलिस के एएसआई पर ड्यूटी के दौरान अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। चिकित्सक ने कहा है कि जब एएसआई हादसे के शिकार लोगों को अस्पताल लाया तो वह नशे में था। इस दौरान उसने महिला चिकित्सक से अभद्र व्यवहार किया। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच बैठा दी है। इसकी जिम्मेदारी डीएसपी कुल्लू को दी गई है।
इस दौरान जब अस्पताल प्रबंधन ने रात को उक्त एएसआई को मेडिकल करवाने को कहा तो वह मौके से फरार हो गया था। लिहाजा, अस्पताल प्रबंधन ने इसका कड़ा विरोध दर्ज किया और उक्त एएसआई के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। कुल्लू में तैनात सीएमओ वाईडी शर्मा का कहना है कि प्रबंधन और महिला डॉक्टर की ओर से एसपी कुल्लू को शिकायत कर दी गई है।
डीएसपी हेडक्वार्टर को सौंपा जांच का जिम्मा
लेकिन अभी तक पुलिस की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। उन्होंने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि एक पुलिस कर्मी से सुरक्षा की उम्मीद की जा सकती है, लेकिन इस तरह के अभद्र व्यवहार की अपेक्षा नहीं की जा सकती। ऐसे में पुलिस को जिम्मेदारी से काम करना चाहिए।
उधर, एएसपी निश्चिंत सिंह नेगी का कहना है कि अस्पताल की डॉक्टर और प्रबंधन की ओर से पुलिस कर्मी की शिकायत मिली है। इसके चलते इस मामले की जांच का जिम्मा डीएसपी हेडक्वार्टर को सौंपा गया है, जो मामले की गहनता से छानबीन कर रहे हैं। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।