ट्रेन से कटकर बिजली बोर्ड से सेवानिवृत्त अधीक्षक की मौत हो गई। इनकी पहचान चंद्रमणि (65) निवासी टुटू नियर गैस एजेंसी के तौर पर हुई है। हादसे के समय यह जतोग रेलवे ट्रैक पर टहल रहे थे।
अचानक शिमला की ओर से कालका जाने वाली पैसेंजर ट्रेन आ गई। चंद्रमणि रेलवे पुलिया पर थे। पुलिया में ट्रैक तंग होने के कारण वह अपना बचाव नहीं कर पाए। वहीं ट्रेन से कटकर मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
रेलवे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक बुधवार को वह घर से टहलने के लिए निकले थे। जतोग ट्रैक पर अकेले ही जा रहे थे। रेलवे पुलिस थाने के जांच अफसर जय किशन ने कहा कि यह महज हादसा है या कुछ और इसकी तफ्तीश कर रहे हैं।
शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी भेज दिया गया है। ट्रेन ड्राइवर के अलावा परिजनों से भी पूछताछ की जाएगी।
एक माह पहले भी हुई थी घटना
रेलवे ट्रैक की इस तंग पुलिया पर बीते माह भी एक महिला और दस साल का लड़का गिर पड़े थे। ट्रेन सामने से आई और यह दोनों हड़बड़ाहट में पुलिया से नीचे गिर गए। इसमें लड़के की मौत हो गई थी। महिला घायल हो गई थी।