बिलासपुर के उपमंडल भराड़ी के अंतर्गत सीर खड्ड में डूबने से एक युवक की मौत हो गई है। युवक शिमला का रहने वाला है। वह बिलासपुर के भटेड़ गांव स्थित अपने दोस्त के घर आया था।
सीर खड्ड किनारे नहाते हुए वह पानी के तेज बहाव में बह गया। पुलिस के अनुसार घुमारवीं से होकर बहने वाली सीर खड्ड में शिमला के बालूगंज थाना से संबंधित सिल्ल गांव का रहने वाला अमन पुत्र इंद्र सिंह रविवार शाम अचानक डूब गया।
वह अपने भराड़ी के समीपवर्ती भटेड़ गांव स्थित अपने दोस्त के घर आया था। रविवार को वह नहाने निकल गए। यहां दोनों खड्ड के पानी में मौज मस्ती कर रहे थे।
इसी बीच सीर खड्ड के बहाव को अमन भांप नहीं सका और बह गया। दोस्त ने इसकी सूचना पुलिस को दी। भराड़ी पुलिस की टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और शव को खड्ड से बाहर निकाला। आज पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। थाना प्रभारी भराड़ी राजकुमार ने मामले की पुष्टि की है।