हिमाचल के जिला सोलन के सेना छावनी सुबाथू में आईएसआईएस की धमकी भरे पोस्टर, स्लोगन और झंडे मिलने के बाद अलर्ट पुलिस की मुस्तैदी को मजाक बनाकर शातिरों ने एक ही रात में सिलसिलेवार पांच जगह शटर और ताले तोड़कर लाखों का सामान और कैश गायब कर दिया है।
चार चोरियां सोलन शहर में हुई है। जबकि एक चोरी की वारदात को नालागढ़ के नंगल में अंजाम दिया गया है। सबसे बड़ी वारदात सोलन शहर के मालरोड के बीचोंबीच स्नेह कम्यूनिकेशन (मोबाइल) शॉप पर हुई है। इस दुकान का मालिक बैंकॉक गया हुआ है।
उनके पहचान वालों का दावा है कि दुकान से करीब 100 महंगे व सस्ते मोबाइल चोरी हुए हैं। करीब पांच लाख की चोरी का अनुमान बताया जा रहा है। जबकि कथेड़ मैगा बजार में तीन दुकानों के शटर टूटे हैं। जिसमें करीब 11 हजार की नगदी की चोरी बताई जा रही है।
वहीं नालागढ़ के नंगल में चोर एक फौजी के घर से पांच तोले सोने और बीस हजार रुपए गायब कर गए हैं। पुलिस ने सभी मामलों में चोरी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोलन सदर के थाना प्रभारी रविंद्र कुमार का कहना है कि पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। एसपी बददी बशेर सिंह ने कहा कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।