क्रिसमस की सुबह एक हल्की सी नींद की झपकी फरीदाबाद के चार युवकों की जिंदगी पर भारी पड़ी। एक ही कंपनी में काम करने वाले युवक साथियों का जन्मदिन बड़े धूमधाम तरीके से मनाते थे। जसप्रीत के जन्मदिन पर कुछ अलग करने का सोचा और छह दोस्त शिमला के नारकंडा के लिए निकल पड़े।
बुधवार को बर्थडे पर यहां सरपराइज गिफ्ट देने की तैयारी थी। जन्मदिन मनाने का पूरा प्लान गाड़ी में तैयार किया गया। इससे पहले की दोस्त जसप्रीत का बर्थडे मनाने के लिए मंजिल तक पहुंचते, कार हादसे में चार दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। दो अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
फरीदाबाद के छह युवक दिनभर ऑफिस में काम करने के बाद सोमवार शाम 5.30 बजे कार से फरीदाबाद से शिमला के लिए रवाना हुए। सभी दोस्त पहली बार दोस्त के बर्थडे का जश्न मनाने शिमला आ रहे थे। दिन में ड्यूटी करने के बाद करीब 11 घंटे की लगातार ड्राइव के बाद सभी दोस्त मंगलवार सुबह करीब साढ़े चार बजे शिमला पहुंचे। यहां से नारकंडा के लिए गाड़ी की ड्राइविंग सीट पर राहुल बैठ गए। साथ वाली सीट पर रोहताश बैठा था।
जसप्रीत अन्य दोस्तों के साथ पीछे की सीटों पर थे। करीब साढ़े सात बजे ठियोग के समीप देवीमोड़ के पास गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर नीचे खाई में गिर गई। हादसे में बर्थडे ब्वॉय जसप्रीत, अजयवीर, लोकेश और दीपक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि रोहताश (रॉकी) और राहुल इस दर्दनाक हादसे में बच गए।
सोए ही रह गए चारों दोस्त
चालक राहुल के साथ आगे वाली सीट पर रोहताश बैठा था। दोनों ने सीट बेल्ट पहनी थी। दोनों बीच-बीच में आपस में बात कर रहे थे। जबकि पीछे बैठे चारों दोस्त सोए हुए थे। हादसे में बाद वे सदा के लिए गहरी नींद में सो गए। डॉक्टरों ने आईजीएमसी में भर्ती दोनों घायलों को खतरे से बहार बताया।