नालागढ़ थाना के तहत भरतगढ़ मार्ग पर सनेड़ में एक ट्रैक्टर ने एक ढाई वर्षीय बच्ची को रौंद डाला, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बच्ची दुकान से टॉफी लेकर लौट रही थी। चालक ट्रैक्टर को मौके पर ही छोड़ कर फरार हो गया।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में सुरजीत कौर पत्नी रामकिशन निवासी गांव सनेड़ तहसील नालागढ़ ने बताया कि उनके गांव में सड़क बनाने का काम चल रहा है। सनेड़ में वह दुकान चलाती है। शुक्रवार देर शाम को वह अपनी दुकान में बैठी हुई थी, तो उसकी दुकान में एक ढाई वर्षीय एक बच्ची आई।
उसने टॉफियां खरीदी। दुकान से बच्ची बाहर सड़क पर आई तो रेत बजरी से लदा एक ट्रैक्टर के चालक ने तेज रफ्तार से ट्रैक्टर को पीछे किया। ट्रैक्टर के पीछे होते ही बच्ची दिलप्रीत ट्रैक्टर के पिछले टायर के नीचे आ गई। शोर मचने पर ट्रैक्टर चालक ने वाहन आगे किया।
ट्रैक्टर से उतरकर वाहन चालक ने बच्ची को एक कोने में रखकर ट्रैक्टर को लेकर भागने लगा। ट्रैक्टर को साइड में खड़ा करके चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन तब तक बच्ची की मौत हो गई थी।
बच्ची की पहचान के रुप में हुई है। यह हादसा ट्रैक्टर पीबी 32एल 7681 के चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते हुआ।
एएसपी नालागढ़ निश्चिंत नेगी ने कहा कि पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। बच्ची का पोस्टमार्टम करवाकर देह परिजनों को सुपुर्द कर दी है।