कामगार ने खुद ही रचा था अपने अपहरण का ड्रामा
पुलिस ने आरोपी को दिल्ली से पकड़ा
आरोपी जुआ और सट्टे खेलने का है आदी
अमर उजाला ब्यूरो
बद्दी (सोलन)।
किशनपुरा स्थित एक उद्योग में कार्यरत मशीन ऑपरेटर के किडनैपिंग का मामला झूठा निकला है। कामगार ने खुद ही अपने अपहरण की साजिश रचि थी। फिल्मी सीन तैयार कर आरोपी ने बद्दी से खुद का अपहरण होने की बात कही थी। लेकिन पुलिस को प्रारंभिक जांच में ही आभास हो गया था कि दाल में कुछ काला है। आरोपी ने अपहरण बद्दी से होने की बात कही थी लेकिन जिस मोबाइल से परिजनों को फोन किया था उसकी लोकेशन जीरकपुर की निकली थी। पुलिस ने जब जांच आगे बढ़ाई तो सारा मामला खुल गया। पुलिस ने आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक अपने आप को अगवा करने वाले रजनीकांत की लोकेशन जीरकपुर पंजाब की मिली। इस पर पुलिस ने तलाश अभियान जोरों से चलाया और आखिरकार वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। रजनीकांत को जुआ और सट्टे खेलने की लत थी तथा पैसों का कर्ज चढ़ गया था। इस वजह से वह मानसिक रूप से परेशान रहता था। इस पर उसने खुद के अपहरण का ड्रामा रचा तथा परिजनों से पैसों की मांग की। लेकिन पुलिस ने जब जांच शुरू की तो इसमें अपहरण जैसी कोई बात नहीं निकली। एसपी रानी बिंदू सचदेवा ने कहा कि पुलिस ने रजनीकांत को ढूंढ निकाला है। इसने कबूल किया है कि उसने खुद ही अपने अपहरण का ड्रामा रचा था।