जमीन की खरीद फरोख्त को लेकर दो लोगों पर बैंक ऑफ बड़ौदा से लाखों की धोखाधड़ी करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों ने न तो जमीन की सेल डीड के दस्तावेज बैंक में जमा करवाएं और न ही ऋण लिए आठ लाख रुपये लौटाए। कोर्ट के आदेशों के बाद अब पुलिस थाना सदर ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की है।
वीरवार को सदर पुलिस ने कार्ट रोड शाखा के बैंक के चीफ मैनेजर हेमराज शर्मा की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक मामला वर्ष 2017 का है। पुलिस को दी शिकायत में बैंक मैनेजर का कहना है कि जमीन खरीदने को लेकर दो लोगों ने बैंक में आवेदन किया था।
इनमें चिढ़गांव के रहने वाले मेन राम और ब्यूलिया के शुभम शामिल थे। दोनों को बैंक से 23 लाख रुपये का ऋण मंजूर हुआ था। अप्रैल 2017 में इन्हें बैंक से जमीन खरीदने के लिए आठ लाख रुपये की किस्त जारी की गई थी।
तय शर्तों के अनुसार दोनों को जमीन की सेल डीड के दस्तावेज बैंक में जमा करवाने थे। लेकिन इन दोनों ने ऐसा नहीं किया। साथ ही ऋण के आठ लाख रुपये भी बैंक को नहीं लौटाए। इसके बाद कोर्ट के आदेशों के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की है।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
डीएसपी पुलिस हेडक्वार्टर प्रमोद शुक्ला ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि कोर्ट के आदेशों पर दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। इस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।